रोहतांग में साठ इंच हिमपात

केलांग। सीमा सड़क संगठन का दावा है कि कि रोहतांग दर्रा में करीब साठ इंच बर्फबारी हुई है। जबकि, जिला मुख्यालय केलांग में तीन, गौशाल में चार, जाहलमा में तीन और उदयपुर में करीब पांच इंच बर्फबारी रिकार्ड की गई है। दर्रे में ताजा बर्फबारी के बाद लाहौल घाटी का सड़क संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। न्यूनतम पारा सामान्य से करीब दस डिग्री नीचे तक लुढ़कने से पेयजल स्रोत जमने लगे हैं। घाटी में इंटरनेट सेवा भी ठप हो गई है। बर्फबारी के बाद चंद्रावैली के तीनों गौंधला, सिस्सू और कोकसर टेलीफोन एक्सचेंज में दूरभाष सेवा ठप हो गई है। घाटी के कई हिस्सों में बिजली की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सीमा सड़क संगठन के ओसी एसके एंथोनी ने दावा किया है कि रोहतांग दर्रा में करीब साठ इंच तक बर्फ गिरने का अनुमान है। ताजा बर्फबारी के बाद चंद्रताल समेत कई झीलें भी बर्फ की आगोश में दफन हो गई हैं। हिमपात के कारण लाहौल घाटी की कई टेक्सियां मनाली में फंस गई हैं। एसडीएम केलांग प्रशांत सरकेक ने कहा कि घाटी में हालांकि इस बार उम्मीद के मुताबिक बर्फ नहीं गिरी है, लेकिन प्रचंड ठंड ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

Related posts