रोहतांग नहीं जा पाएंगे बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहन

पर्यटन नगरी मनाली आने वाले बाहरी राज्यों के पर्यटक इस साल अपने वाहनों से रोहतांग की सैर नहीं कर पाएंगे।

हाईकोर्ट के रोहतांग में वाहनों की संख्या कम करने के निर्देश के चलते प्रशासन ने बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहनों पर रोक लगाई है।

इस व्यवस्था के चलते पिछले दो साल से मनाली का पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है।

मई 2011 में हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने दूसरे राज्यों के पर्यटक वाहनों के रोहतांग ले जाने पर रोक लगा दी थी।

जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान के मुताबिक हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि रोहतांग में बढ़ रहे पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार कोई पॉलिसी बनाए।

इस पर राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को वाहनों की संख्या पर नियंत्रण का आदेश जारी किया।

प्रशासन ने दूसरे वाहनों के वहां जाने और वहां से आने का समय भी निर्धारित किया है। प्रशासन के इस फैसले के चलते रोहतांग जाने के लिए पर्यटकों को मनाली से टैक्सियां हायर करनी पड़ती हैं।

बाहरी राज्यों के वाहन चालक इसका कई बार विरोध जता चुके हैं। उनका कहना है कि इससे उनके पर्यटन व्यवसाय पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

रोहतांग के लिए जाने और वापस आने का समय

– सुबह 6 बजे से दोपहर 11 बजे तक वाहन रोहतांग जा सकेंगे।
– दोपहर 1 बजे से शाम पांच बजे तक रोहतांग से मनाली के लिए वाहन आ सकेंगे।
– इसके अलावा सभी वाहनों को पांच बजे के बाद या टैक्सियों के निकलने के बाद रोहतांग के लिए भेजा जाएगा।

प्रशासन से बातचीत जारी

प्रशासन के इस फैसले से पर्यटन कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके लिए प्रशासन से बीच का रास्ता निकालने के लिए बातचीत की जा रही है।
महेश्वर सिंह, विधायक, कुल्लू

रोहतांग में बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहन न जाने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। प्रशासन को कोई बीच का रास्ता निकालना चाहिए।
अनूप ठाकुर, अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन, मनाली

हाईकोर्ट के आदेश पर रोहतांग के लिए वाहनों की संख्या कम करने का फैसला लिया गया है। पिछले वर्षों की तरह इस साल भी बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहनों के रोहतांग जाने पर रोक रहेगी।
– शरभ नेगी, उपायुक्त, कुल्लू

Related posts