रोहड़ू मेले गुच्छी के दामों ने तोड़ा पिछला रिकार्ड

रोहड़ू। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले में पहली बार गुच्छी के दाम पिछले सारे रिकार्ड तोड़ कर चौदह हजार रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गए हैं। एक सप्ताह में गुच्छी के दाम और बढ़ने की संभावना है। इस राज्य स्तरीय मेले में गुच्छी का कारोबार करोड़ों रुपये में पहुंचने वाला है।
राज्य स्तरीय रोहड़ू मेला गुच्छी के कारोबार के लिए पहले से मशहूर रहा है। इस साल मेले में बाहर से आए व्यापारी गुच्छी के स्टालों पर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। मेले के पहले दो दिन में तीन तीन हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अधिक हिमपात और अच्छी बारिश के कारण इस बार जंगलों में गुच्छी का अच्छी पैदावार हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग गुच्छी को बेचने के लिए बाजार में पहुंचा रहे है। गुच्छी की बिक्री से हो रही आय से लोग मेले में खरीदारी कर रहे हैं।
व्यापारियों का मानना है कि इस बार बाजार में पहले की तुलना अधिक गुच्छी पहुंच रही है। मेले में आने वाले दिनों में गुच्छी के दाम में और बढ़ोतरी की संभावना है। पिछले साल रोहड़ू मेले में गुच्छी के दाम मात्र आठ आठ हजार रुपये तक प्रति किलो थे। इस बार गुच्छी के दाम ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। व्यापारियों का मानना है कि इस बार बाजार में पिछले सालों की तुलना बहुत अधिक मात्रा में गुच्छी दो दिन में पहुंची है।

Related posts