
रोहड़ू। उपमंडल रोहड़ू में बुधवार दोपहर बाद से बीएसएनएल की ब्राडबैंड तथा मोबाइल सेवा ठप है। ब्राडबैंड सेवा के ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी कार्यालय तथा बैंकों में लोगों को शाम तक खड़ा रहने के बाद निराश लौटना पड़ा। निगम की कार्यप्रणाली के प्रति लोगों में भारी रोष है। दोपहर बाद करीब ढाई बजे रोहड़ू उपमंडल में बीएसएनएल की ब्राडबैंड तथा मोबाइल फोन सेवा बंद हुई है। दो घंटे बाद मोबाइल फोन सेवा बहाल हुई, जबकि देर शाम तक ब्राडबैंड सेवा दुरुस्त नहीं हो सकी थी। राकेश कुमार ने बताया कि चार घंटे से बैंक में आरटीजीएस के लिए खड़ा रहने के बाद बीएसएनएल नेटवर्क नहीं खुला। बाद में दिन बर्बाद करके निराश लौटना पड़ा है। राम प्रकाश चौहान, राजेश शर्मा, सुनील ठाकुर ने बताया कि सरकारी कार्यालय व बैंकों में लोग दोपहर बाद से नेटवर्क खुलने के इंतजार में खड़े रहे। उन्होंने निगम के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच की मांग की है। संचार निगम के एसडीओ गोपाल चौहान ने कहा कि पूरे सर्किट में ओएफसी ब्रेक होने से नेटवर्क बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही मरम्मत के लिए टीम मौके पर रवाना हो गई है। ओएफसी को जोड़ने का काम चल रहा है। सुगरी में बिजली न होने से एक सर्किट बंद है। रात तक नेटवर्क ठीक होने की संभावना है।
