रोहड़ू के चिड़गांव में बादल फटा

रोहडू (शिमला)। शिमला जिले के चिड़गांव में बादल फटने से तांगणू जांगलिख व धमवाड़ी में एक दर्जन से अधिक घराट बह गए। तांगणु- जांगलिख को सड़क सुविधा से जोड़ने वाला एक मात्र पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों जगह प्रशासनिक अधिकारियों को मौके का जायजा लेकर नुकसान के आंकलन के निर्देश दिए गए हैं।
चिड़गांव के नायब तहसीलदार मस्त राम कश्यप ने बताया कि रविवार देर रात करीब एक बजे खनियारा के समीप बादल फटने से खनियारा खड्ड में बाढ़ आई। जिससे तांगणू जांगलिख को जोड़ने वाला पुल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बाढ़ से स्थानीय निवासी रोशन नाथ, धीरजू राम, प्रेम लाल, शिव सुख, बांका राम, नेगी राम, बर्फु राम और धमवाड़ी निवासी बालपुर, शुकरू राम, बाबू राम, राजू राम, ज्ञानपुर, हिंऊनाथ के घराट बह गए हैं। धमवाड़ी में राजू की गोशाला क्षतिग्रस्त हुई। साथ ही बंटी लाल का मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है।
कई पुल बहे, मरम्मत के निर्देश
खड्ड पर बने कुछ पैदल पुल भी बाढ़ की चपेट में आने से बह गए। गटुगाड़ पुल, जगटुआनी, शंगोली पुल, कोंदरु पुल, खाटुली पुल के बहने की सूचना है। खड्ड में बाढ़ आने के कारण धमवाड़ी स्थिति मत्स्य पालन फार्म में भी गाद भरी है। जिससे फार्म को काफी नुकसान हुआ है। फार्म में काफी मछलियां मरी है। फार्म में गाद घुसने से मछलियों को खनियारा खड्ड में छोड़ गया। एसडीएम रोहडू यशपाल सिंह वर्मा ने बताया कि मौके का जायजा लेकर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत करने के लिए लोनिवि को निर्देश दिए गए हैं।

Related posts