
पलचान (कुल्लू)। पलचान पंचायत के प्रधान सिंघी राम की अध्यक्षता में रविवार को हुई ग्रामसभा में जनता ने पलचान-रोहतांग रोपवे का कड़ा विरोध किया है। इसके अलावा पर्यटक स्थल मढ़ी और रोहतांग में खाने के ढाबे लगाने और यहां पर शौचालय और पार्किंग के लिए पर्यटन विभाग ने पंचायत से एनओसी की मांग पर चरचा करते हुए कहा कि पंचायत हिमाचल पर्यटन विभाग को अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं देगी। पंचायत प्रधान सिंघी राम का कहना है कि विभाग की ओर से स्थानीय जनता के अधिकारों को नजर अंदाज किया गया है। पलचान से रोहतांग तक रोपवे के विरोध में पंचायत की महासभा में जनता ने कड़े शब्द में यह निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा जो रोप-वे पलचान से रोहतांग के बीच लगाया जा रहा है उसे जल्द रद किया जाए। ग्रामसभा के दौरान पंचायत के साथ-साथ टैक्सी यूनियन मनाली, लग्जरी कोच एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इन्होंने रोपवे लगाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि रोपवे रोहतांग के बजाय किसी दूसरे स्थान में लगना चाहिए। इसमें किसी को आपत्ति नहीं होगी। सिंघी राम ने बताया कि आज नग्गर ब्लाक की पंचायतों और विभिन्न संगठनों की बैठक रोपवे को लेकर होगी। जिसमें आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। इस मौके पर टैक्सी यूनियन प्रधान पूर्ण चंद, राजकुमार डोगरा, विकास मंच प्रधान सुंदर सिंह सहित भारी संख्या में पंचायत की जनता ने भाग लिया।
