रोनहाट स्कूल के कमरों में भरा पानी, दीवार में दरारें

शिलाई (सिरमौर)। पिछले तीन दिन से हो रही तेज बारिश के चलते राजकीय उच्च विद्यालय रोनहाट के तीन कमरों में पानी भर गया है। स्कूल के ऊपर खड्ड में से आए पानी ने रास्ता बनाकर सीधा स्कूल के ग्राउंड से कमरों में प्रवेश कर लिया। इस कारण स्कूल के इन तीन कमरों में एक-एक फुट पानी भर गया है। इसके साथ ही स्कूल के साथ लगी सुरक्षा दीवार में भी दरारें आ गई है। इसके चलते स्कूल भवन को खतरा उत्पन्न हो गया है।
रोनहाट स्कूल के मुख्य अध्यापक कृष्ण पराशर ने बताया छुट्टी होने के बावजूद भी अध्यापक बुधवार सुबह से ही ग्रामीणों की मदद से पानी का रुख मोड़ने की कोशिश कर रहे थे। क्षेत्र में हो रही बारिश व तेज बहाव से पानी को नहीं मोड़ा गया। इससे स्कूल के भवन व सुरक्षा दीवार को खतरा पैदा हो गया है।
इसकी सूचना फोन के माध्यम से जिला उच्च शिक्षा उप निदेशक को दी दी गई है। इस स्कूल में रास्त, खिजवाड़ी, खुबयाड़ी, रोनहाट व आस पास क्षेत्राें के 200 के करीब बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। स्कूल में शीतकालीन अवकाश होने के कारण यह बंद पड़ा हुआ था। जैसे ही स्कूल खुलेंगे और उस दौरान भी यदि पानी इसी तरह रहा तो बच्चों को बैठाने की समस्या हो जाएगी।

Related posts