रोडरेज में कार चालक को गोली मारी

नई दिल्ली। जाफराबाद इलाके में रोडरेज की एक घटना में बाइक सवार युवकों ने कार चालक को गोली मार दी। कार चालक का कसूर सिर्फ इतना था कि साइड मांगने पर वह अपनी कार को हटा नहीं पाया था। गर्दन में गोली लगने के बाद पीड़ित राकेश (25) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार को करीब 3.50 बजे हुई। राकेश अपने मालिक गोपाल और उनकी पत्नी रीना को बोलोरो कार से व्यवसाय के सिलसिले में दिल्ली लेकर आया था। जैसे ही राकेश कार लेकर जाफराबाद गली नंबर-50, कोठी के पास पहुंचा, सामने से आ रहे दो बाइक सवारों ने उससे साइड मांगी। अभी राकेश कार हटा ही रहा था कि बदमाश उससे झगड़ा करने लगे। राकेश ने इसका विरोध किया तो पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी और फरार हो गए। स्थानीय लोगाें की मानें तो बाइक सवारों के साथ एक लड़की भी मौजूद थे। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटना स्थल पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा था। पुलिस फुटेज से छानबीन कर रही है। इससे पूर्व बदमाशों ने गली नंबर-48/2 में 16 वर्षीय किशोर अरबाज पर गोली चला दी। गोली अरबाज को लगी नहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन्हीं लोगों ने फरार होने के चक्कर में राकेश पर गोली चलाई। पुलिस अरबाज से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts