
कुल्लू। बिजली महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रावण माह बेला पर रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भोलेनाथ के दरबार में विदेशी सैलानी भी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। बिजली महादेव के कारदार अमरनाथ ने दावा किया है कि मंदिर में हर दिन करीब चार से पांच हजार श्रद्धालु भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। रविवार को भी मंदिर में करीब पांच हजार भक्त माथा टेकने पहुंचे। खराहल घाटी की मथानधार पहाड़ी पर वास करने वाले बिजली महादेव के दर्शन के लिए भक्तों को खूब तांता लग रहा है। दर्शनों के लिए हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली आदि राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
बिजली महादेव के प्रमुख कारकून दौलत राम ने कहा कि मथानधार बिजली महादेव की तपोभूमि है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु हर साल भोले शंकर के दर्शन के लिए आते हैं। रविवार को बिजली महादेव के दर्शन के लिए महाराष्ट्र से आई रजनी ने कहा कि उनके घर में हर वक्त कोई न कोई बीमार रहता था। बिजली महादेव के दर्शन करने के बाद उसके घर में सुख-शांति है। वह हर वर्ष यहां दर्शन के लिए आती है। श्रद्धालुओं अनुपमा कंबोज, शशि, सोनू, शकुंलता आदि का कहना है कि बिजली महादेव के दर्शन कर उन्हें सुख समृद्धि मिलती है।
रविवार को जीप यूनियन ने बिजली महादेव मंदिर में भंडारे को आयोजन किया। यूनियन के प्रधान ईशरी सिंह ठाकुर, महासचिव हुकम चंद, कपिल देव, आरके राही ने बताया कि रविवार को करीब 7000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भंडारा ग्रहण किया।
