रोजगार चाहिए तो टाहलीवाल आइए

ऊना। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के रॉयल गार्डन में 17 फरवरी को मेगा रोजगार मेले को लेकर जिला के युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। देश की जानी मानी 50 से अधिक कंपनियां अपने उद्यमों में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए इस मेले में युवाओं का चयन करेंगी। रोजगार मेले के प्रमुख सूत्रधार उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री हैं और उन्हीं के निर्देशों पर प्रदेश के श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से यह मेला आयोजित किया जा रहा है। रविवार सुबह साढ़े नौ बजे उद्योग मंत्री इस मेले का उद्घाटन करेंगे। मेले में डॉबर, नेस्ले, सिपला, पैनेशिया बायटेक, मैनकाइंड फार्मा, मैरिको लिमिटेड, मैकलायड फार्मा, एल्यूमिनियम, स्विस गार्नियर जैसी देश की विख्यात कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंच गए हैं। सरकारी प्रवक्ता गुरमीत बेदी के मुताबिक इस रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न कंपनियां अपने उद्यमों में रिक्त18 सौ से अधिक पदों के लिए युवाओं की भर्ती करेंगी। मेले की सभी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। इस मेले में निजी क्षेत्र के नियोक्ता प्रमुख रूप से उन पदों के लिए युवाओं की भर्ती करेंगे, जिनकी योग्यता 5वीं, 8वीं, 10वीं, जमा एक, जमा दो, आईटीआई पास, पॉलीटेक्निकल डिप्लोमा तथा स्नातक पास हों। मेकेनिकल टेक्सटाइल एवं केमिकल में बीटेकके करीब 31 पद भरे जाएंगे। मेकेनिकल डिप्लोमा होल्डरों की भी काफी मांग है। इसके अलावा बीएससीए, एमएससीए बी फार्मा, डी फार्मा एवं एम फार्मा कर चुके युवाओं को फार्मास्यूटिकल कंपनियां अपने उद्यमों में रोजगार के लिए चयनित करेंगी। इस मेले में विभिन्न ट्रेडों में आईटीआई करने वाले युवाओं के लिए 337 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कंपनियों में कुक, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड के भी 40 रिक्त पद भरे जाने हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार अपने शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाणपत्र, रोजगार कार्यालय का प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, हिमाचली निवास प्रमाणपत्र, फोटो कॉपी सहित एवं तीन पासपोर्ट आकार के फोटो लेकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।

Related posts