
जयपुर: राजस्थान रॉयल्स की चैंपियंस लीग टी20 में लगातार दो जीत से संतुष्ट कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा कि खिलाडिय़ों ने परिस्थितियों से बहुत जल्दी तालमेल बिठाया और सभी रणनीतियों को अच्छी तरह से लागू किया। द्रविड़ ने कहा, ‘‘हम परिस्थितियों से तालमेल बिठाने और रणनीति बनाने में माहिर हैं।’’
रॉयल्स के दो मैच में दो जीत से आठ अंक हैं और वह ग्रुप ए में चोटी पर है। लीग चरण में अभी दो मैच बचे हुए हैं और द्रविड़ ने कहा कि उनकी टीम सेमीफाइनल के बारे में नहीं सोच रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अभी हम पर्थ स्कोरचर्स के खिलाफ अपने अगले मैच पर ध्यान दे रहे हैं। हमें आगे बढऩे के लिये उन्हें हराना होगा। इसके बाद हम ओटागो वोल्ट्स के बारे में सोचेंगे जो अच्छी टीम है।’’
द्रविड़ ने हालांकि कहा कि जयपुर में पहला सेमीफाइनल खेलना आदर्श स्थिति होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमें सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद है और घरेलू मैदान पर सेमीफाइनल खेलना आदर्श स्थिति होगा। इसके बाद एक दिन का विश्राम और फिर फाइनल होगा। हमें दूसरे सेमीफाइनल में खेलने से भी दिक्कत नहीं है लेकिन लगातार दो दिन दो मैच खेलना आसान नहीं है।’’
पहला सेमीफाइनल चार अक्तूबर को जयपुर में होगा। दूसरा सेमीफाइनल पांच अक्तूबर और फाइनल छह अक्तूबर को दिल्ली में होंगे।
