रैल में बिजली गिरने से नुकसान

रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत रैल के हार गांव में आसमानी बिजली गिरने से एक दर्जन से अधिक विद्युत उपकरण जल गए हैं। इससे उपभोक्ताओं का काफी नुकसान हुआ है। गांव के ट्रांसफार्मर की थ्री फेस वायर में भी आग लग गई। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया।
ग्रामीणों पुरुषोत्तम दास, जोगेंद्र लाल, विजय कुमार, अनिल कुमार, निर्मला देवी, संतोष कुमार, विपिन और अमर चंद आदि का कहना है कि रविवार को आसमानी बिजली गिरने से एक दर्जन से अधिक विद्युत उपकरण जल गए हैं। गांव के ट्रांसफार्मर की थ्री फेस वायर में भी आग लग गई। आग लगते ही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आसमानी बिजली गिरने से जोगेंद्र लाल, विजय, विनोद कुमार, जयराम, अनिल कुमार के टीवी जल गए है जबकि निर्मला देवी की एलईडी जल गई है। संतोष कुमार का फ्रिज और टीवी दोनों आसमानी बिजली गिरने से खराब हो गए हैं। पुरुषोत्तम दास का स्टीरियो और विपिन, अमर चंद के घर में लगे पांच पंखे खराब हो गए हैं। आसमानी बिजली के कहर से ग्रामीणों का काफी नुकसान हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग उठाई है।

Related posts