रैली से दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

रामपुर बुशहर। एसजेवीएन लिमिटेड के स्थापना दिवस पर रामपुर प्रोजेक्ट ने जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली पदम सीनियर सेकेंडरी स्कूल से कालेज मैदान तक निकाली गई। इसके माध्यम से ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया गया। रैली में परियोजना के कर्मचारियों, उनके परिजनों समेत स्थानीय लोग शरीक हुए। जागरूकता रैली को रामपुर प्रोजेक्ट प्रमुख क्रांति कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाई।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट प्रमुख ने कहा कि जल विद्युत का सफल निष्पादन स्थानीय जनता के सहयोग से संभव हो सकता है। जितना ज्यादा जल विद्युत ऊर्जा का निष्पादन होगा, उतना ही ज्यादा क्षेत्रीय विकास होगा। उन्होंने कहा कि नई लाडा नीति के अनुसार विद्युत उत्पादन के उपरांत एक प्रतिशत मुफ्त बिजली राज्य सरकार को दी जाएगी। इससे अर्जित राजस्व राशि को परियोजना प्रभावित पंचायतों के परिवारों के मध्य आवंटित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस पर प्रोजेक्ट की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Related posts