रेस्तरां मालिक ने की आत्महत्या

अमृतसर: मेरे परिवार में मेरा बेटा-बेटी बहुत अच्छे हैं। मेरी पत्नी भी बहुत नेक है, जिसने मेरी बहुत सेवा की है। मेरे किसी भी पारिवारिक सदस्य को परेशान न किया जाए। मैंने कभी भी किसी का बुरा नहीं चाहा, फिर भी किसी को मेरी वजह से कोई मेरी बात बुरी लगी हो तो माफ कर देना। ये अंतिम शब्द थे सतीश वालिया निवासी लारैंस रोड के जो उसने खुद को गोली मारने से पहले सुसाइड नोट में लिखे थे। सतीश वालिया चाटीविंड चौक में एक रेस्तरां चलाता था।

उसने अपने सुसाइड नोट में यह साफ किया है कि उसके द्वारा उधार दिए गए पैसे उसे वापस नहीं मिल रहे थे, जिस कारण वह परेशान चल रहा था। उसने लिखा है कि राकेश वर्मा से उसने 19.50 लाख रुपए लेने थे। इसके अतिरिक्त भी कई ऐसे लोगों के नाम हैं, जिनसे पैसे न मिलने के कारण सतीश वालिया मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था।

आज बाद दोपहर वह रेस्तरां से वापस घर पहुंचा, जहां घर में बने मंदिर में बैठ उसने अपनी अंतिम लाइनें लिखी और खुद को गोली मार ली, जिसे उपचार के लिए स्थानीय एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज सुसाइड नोट के अनुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts