रूसा के खिलाफ एसएफआई लामबंद

हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने रूसा के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। लंबित मांगों को लेकर भी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इकाई के प्रधान कपिल बन्याल ने कहा कि कॉलेज परिसर में एमसीए, एमबीए, एमएससी की कक्षाएं अभी तक शुरू नहीं हो पाई हैं। हालांकि कॉलेज में दूसरे जिलों से भी छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बताया कि एसएफआई द्वारा कक्षाओं को जल्द शुरू करने की कई बार कॉलेज प्रबंधन से मांग की जा चुकी है लेकिन अभी तक कॉलेज प्रबंधन कक्षाएं लगाने में नाकाम रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने एक सौ करोड़ के लालच में आकर प्रदेश के हजारों युवाओं को उच्च शिक्षा से वंचित कर दिया है। एक तरफ सरकार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का ढोंग कर रही है वहीं खुद युवाओं को बेरोजगार करने में लगी हुई है। उन्होंने सरकार और विवि प्रशासन को चेतावनी दी है कि जल्द ही रूसा को बंद नहीं किया गया तो एसएफआई आंदोलन को तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन में कृष्ण कुमार, भरत सिंह, सोमिन चौहान, राजन, अनुज शर्मा, बबीता, अंजना, सपना आदि मौजूद रहे।

Related posts