रूसा के खिलाफ एसएफआई का हल्लाबोल

कुल्लू। कॉलेज में प्रवेश तिथि बढ़ाने के लिए एसएफआई लाल हो गई है। एसएफआई की कुल्लू इकाई ने प्रथम वर्ष की प्रवेश तिथि बढ़ाने के लिए कॉलेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कालेज प्रशासन और प्रदेश विश्वविद्यालय के खिलाफ जमकर हमला बोला गया। एसएफआई के जिला सचिव शेर सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रूसा प्रणाली के तहत कॉलेजों में प्रवेश हो रहे हैं। इससे पूरे प्रदेश में बहुत बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज में प्रवेश लेने से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली की वजह से कई छात्रों को अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी है। एसएफआई इस प्रणाली का विरोध करती है। शेर सिंह ने कहा कि प्रदेश में एकमात्र सरकारी विश्वविद्यालय है, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति एडीएन वाजपेयी लगातार विश्वविद्यालय को बेचने के लिए आतुर हैं। छात्रों को शिक्षा से दूर करने के लिए यह षड्यंत्र रचा जा रहा है। एसएफआई के इकाई अध्यक्ष हेमराज ठाकुर ने कहा कि कुल्लू कालेज में बहुत अधिक छात्र प्रवेश नहीं ले पाए हैं। जबकि, मेजर विषयों में सीटें खाली बची हैं। इसके बावजूद कालेज में पढ़ने आ रहे छात्रों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है, जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि कालेज में प्रवेश की तिथियों को जल्द नहीं बढ़ाया जाता है तो एसएफआई उग्र आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और प्रदेश विश्वविद्यालय की होगी। इस दौरान नैनसी, शिवानी, मनोज, नशीन, संगीता, सोनम, नीलम, आशीष, सुनील, राज, तनुज, रितु, अक्षय, अनिल, राहुल, यशपाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts