
नोएडा। शॉर्टकट के चक्कर में यूपी रोडवेज की बसों के चालक यात्रियों को घनचक्कर बना रहे हैं। दिल्ली से ग्रेटर नोएडा के बीच रोडवेज की बसें रूट बदलकर दौड़ रही हैं। इसके चलते यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत मिलने पर रोडवेज प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
रोडवेज प्रबंधन की तरफ से यात्रियों का रुझान बढ़ाने की तमाम कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन चालक व परिचालकों की लापरवाही रोडवेज की छवि को धूमिल कर रही है। निर्धारित रूट से अलग हटकर चलने वाली बसों ने इन दिनाें यात्रियों को मुश्किलों में डाला हुआ है। नोएडा व ग्रेटर नोएडा डिपो से अजमेरी गेट नई दिल्ली के बीच रूट बदलकर चल रही रोडवेज बसों का मामला प्रकाश में आने पर रोडवेज प्रबंधन हरकत में आया है। दरअसल, नई दिल्ली से वाया मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट, प्रगति मैदान, सराय कालेखां, अक्षरधाम, नोएडा मोड़ होकर नोएडा व ग्रेटर नोएडा जाने का रूट निर्धारित है। लेकिन शॉर्टकट के चक्कर में इन बसों के चालक नई दिल्ली से सीधे आईटीओ होकर बसों का संचालन करते पाए गए हैं।
प्रबंधन के मुताबिक चालकों व परिचालकों की इस लापरवाही से यात्रियों को रोडवेज की सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। बसों का संचालन निर्धारित रूट से ही किया जाए, इसको ध्यान में रखकर औचक निरीक्षण की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
हेल्पलाइन पर दें सूचना
अगर यात्रियों को ऐसी कोई शिकायत मिलती है तो इसकी सूचना बसों के अंदर लिखे हेल्पलाइन नंबरों पर दी जा सकती है। हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
लापरवाही का खुलासा होने पर रोडवेज प्रबंधन ने सख्त कदम उठाए हैं। सभी चालकों व परिचालकों को सर्कुलर जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
