रिहाई के बाद वतन लौटे 26 भारतीय मछुआरे

करईकल: श्रीलंकाई नौसैनिकों द्वारा पांच अप्रैल को गिरफ्तार किए गए 26 भारतीय मछुआरे रिहाई मिलने के बाद आज सुबह अपने वतन लौट आए हैं। मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ये मछुआरे कोडइकराई तट पर मछली पकड़ रहे थे कि तभी श्रीलंकाई नौसेना ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

श्रीलंकाई अदालत ने वहां की जेल में बंद इन मछुआरों की हिरासत इससे पहले चार बार बढ़ाई थी। इस द्वीपीय देश की अदालत ने 20 मई को इन मछुआरों को रिहा करने का आदेश दिया था। हालांकि उग्र समुद्र के कारण इन्हें 22 मई तक वहीं रुकना पड़ा था। इसके बाद कल रात इन सभी को भारतीय तट रक्षकों के हवाले कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि मछुआरों की नौकाएं भी उन्हें लौटा दी गई हैं।

Related posts