
संगरूर: एक दुकानदार को ग्राहक से रंगरलियां मनाने के मामले में फंसाने का डरावा देकर रिश्वत लेने वाले हैड-कांस्टेबल पर मुकद्दमा दर्ज करके हिरासत में लिया गया है। जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि दर्जी का कार्य करते विनोद कुमार ने उन्हें बताया कि गत दिनों हैड कांस्टेबल अशोक कुमार ने उसकी दुकान में छापेमारी कर उसे यह कहकर धमकाना शुरू कर दिया कि वह महिला ग्राहक से कथित रंगरलियां मना रहा था।
इस संबंधी बदनामी व पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए अशोक ने दुकानदार से कथित 10 हजार रुपए की रिश्वत ले ली। सिद्धू ने कहा कि जब यह पूरा मामला उनके ध्यान में आया तो उन्होंने कार्रवाई करके अशोक कुमार से रिश्वत की राशि बरामद करवा ली और केस दर्ज कर उसे हिरासत में भेज दिया।
