रिश्वत लेने का आरोपी क्लर्क सस्पेंड

ऊना। जिला मुख्यालय स्थित वाहन पंजीकरण विभाग में रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए क्लर्क को सस्पेंड कर दिया गया है। एसडीएम ऊना धनवीर ठाकुर ने आरोपी क्लर्क के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की है। 18 मई को आरोपी क्लर्क को विजिलेंस की टीम ने इंस्पेक्टर शेर सिंह के नेतृत्व में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। जबकि, एसडीएम ने विजिलेंस की ओर से इस संदर्भ में लिखित एवं विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई को अमलीजामा पहना दिया है। वहीं वर्तमान समय में आरोपी क्लर्क 14 दिन की न्यायिक हिरासत में चल रहा है।
18 मई को विजिलेंस की टीम ने शिकायतकर्ता संजीव कुमार निवासी सलोह की शिकायत पर आरोपी क्लर्क संजीव कुमार निवासी दौलतपुर को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। आरोपी क्लर्क के निलंबन की पुष्टि करते हुए एसडीएम धनवीर ठाकुर ने बताया कि विजिलेंस की ओर से क्लर्क को रिश्वत लेते पकड़े जाने, उसके गिरफ्तार करने के बाद दो दिन के रिमांड और 14 दिन की न्यायिक हिरासत के संदर्भ में पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। जिसके चलते उसे सस्पेंड कर दिया गया है।

Related posts