
चंडीगढ़: 30 लाख का बिल पास करने की एवज में 1 लाख 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग करने वाले वाटर सप्लाई एंड सैनीटेशन विभाग के सुपरिंटैंडैंट इंजीनियर निर्मल कुमार धीर को बुधवार को सी.बी.आई. की विशेष अदालत में पेश किया गया। यहां जांच एजैंसी ने उसके पुलिस रिमांड की मांग नहीं की। जिसके चलते जज विमल कुमार ने उसे 19 अगस्त तक बुड़ैल जेल न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं सी.बी.आई. जांच में जुटी है कि आरोपी ने बीते समय के दौरान किन लोगों से रिश्वत की मांग की और अब तक वह किस-किस से रिश्वत ले चुका था। सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हर बिल पास करने की एवज में कुछ प्रतिशत रकम रिश्वत के रूप में लिया करता था। सी.बी.आई. उन लोगों का पता लगाने में जुटी है जो आरोपी से प्रभावित हुए थे।
