
पतलीकूहल/मनाली। बॉलीवुड स्टार रितिक रोशन और कैटरीना की फिल्म बैंग बैंग की शूटिंग की खबर सुनते ही पड़ोसी राज्यों के सैलानी भी पर्यटन नगरी मनाली का रुख करने लगे हैं। पड़ोसी राज्यों से आए प्रशंसक बुधवार देर रात को वामतट मार्ग पर प्रीणी पुल पर चल रही शूटिंग देखने के लिए डटे रहे। हालांकि, रितिक रोशन और कैटरीना कैफ शूटिंग स्थल पर कड़ी सुरक्षा के बीच घिरे रहे। इस बीच, रितिक के डुप्लीकेट को इधर-उधर घूमते देख प्रशंसक उसे ही रितिक समझ रहे थे। कुछ सैलानी ऑटोग्राफ लेने भी पहुंचे, लेकिन बाद में पता चला कि असल में रितिक के डुप्लीकेट हैं। फिर प्रशंसकों ने डुप्लीकेट से ही उन्हें रितिक का ऑटोग्राफ दिलाने की बात कही। उन्होंने रितिक से प्रशंसकों के दिल की बात कही तो वैनिटी वैन से निकलकर उन्होंने प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दिए। इस बीच भीड़ बढ़ने पर बाडीगार्ड उन्हें वाहन में ले गया। वहीं, प्रशंसक कैटरीना कैफ की झलक पाने को भी बेताब दिखे। कोआर्डिनेटर अनिल कायस्था का कहना है कि शूटिंग के लिए कुछ अन्य स्थलों का चयन भी किया गया है।
