राहुल ने संभावित प्रत्याशियों से मांगा जीत का मंत्र

नई दिल्ली। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के संभावित प्रत्याशियों से सीट जीतने का मंत्र मांगा है। संसदीय क्षेत्र स्तर पर पार्टी व प्रत्याशी का वजन परखने उतरे पर्यवेक्षक संभावित प्रत्याशियों से 12 पेज व नौ प्वाइंट वाले फॉर्म भरवा रहे हैं। जिसमें उनसे संबंधित मुकदमों की जानकारी से लेकर कांग्रेस के प्रति विचार भी पूछे गए हैं। फार्म में यह पूछा गया है कि विधानसभा व लोकसभा चुनाव जीतने के लिए क्या-क्या करना चाहिए। राज्य या केन्द्र सरकार कैसे समस्या का निदान कर सकती है। क्षेत्र के मजबूत राजनीतिक व सामाजिक व्यक्ति की जानकारी और विपक्षी दल से चुनाव के संभावित प्रत्याशी का विवरण भी मांगा गया है। ताकि प्रत्याशी चयन के समय विपक्षी पार्टी को भी ध्यान में रखा जा सके। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि फार्म में संभावित प्रत्याशी की व्यक्तिगत, जातिगत जानकारी के साथ पिछले चुनाव में कौन कितने वोटर से जीता, जीतने के कारण, कांग्रेस के बारे में विचार, विधायक व सांसद की रैंकिंग और संभावित चार प्रत्याशी का विवरण भी मांगा गया है। राहुल गांधी की तरफ से भेजे गए फॉर्म में क्षेत्रीय जनता की समस्या और उसे कैसे हल किया जाने से जुड़े उपायों की जानकारी मांगी गई है। आगामी वर्ष में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह भी साफ किया गया है कि जो समस्याएं क्षेत्र में हैं उसे दूर करने में केन्द्र सरकार या उसका कोई मंत्रालय किस स्तर पर क्या काम कर सकता है। इतना ही नहीं पिछले लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में क्या अच्छा रहा और क्या बुरा रहा इसके बार में भी विवरण भेजना है। वहीं प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, जिलाध्यक्ष व पिछले चुनाव में जीते-हारे प्रत्याशी से क्षेत्र में रहने वाले कांग्रेस के नेताओं की सूचनाएं भी मांगी गई हैं।

Related posts