राहुल देंगे पुनर्वास कॉलोनी वासियों को मालिकाना हक

नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव में पुनर्वास कॉलोनी को वोट से जोड़ने वाले फैसले को अमली जामा पहनाने राहुल गांधी पूर्वी दिल्ली पहुंच रहे हैं। इंदिरा गांधी के कार्यकाल से लीज रेंट या लाइसेंस शुल्क पर रहने वाले पुनर्वास कॉलोनी के निवासियों को 10 सितंबर को मालिकाना हक देने के लिए बड़ा कार्यक्रम पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। विधानसभा चुनाव अधिसूचना से पहले होने वाले कार्यक्रम में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी मंत्रियों विधायकों को दी गई है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने मंगलवार को विधायक व पार्षदों की एक बैठक ली। इसमें वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक व कुलजीत सिंह नागरा भी शामिल हुए। जहां एक तरफ डूसू चुनाव के लिए छात्रों तक पहुंच बनाकर वोटर तैयार करने के लिए गया, वहीं पुनर्वास कॉलोनी को मालिकाना हक देने वाले कार्यक्रम में पूरी दिल्ली की भागीदारी के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए मंत्रियों को संसदीय क्षेत्र के हिसाब से समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। सूत्रों के अनुसार 2008 में विधानसभा चुनाव से पूर्व 1639 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमन का प्रोविजनल सर्टिफिकेट दिया गया था तो इस बार पुनर्वास कॉलोनी मालिकाना हक का सर्टिफिकेट देने की तैयारी है। दिल्ली की 45 पुनर्वास कॉलोनी में अभी मालिकाना हक नहीं है। इसके कारण तीन लाख परिवारों को दिक्कत होती है। इन घरों में रहने वाली 15 लाख आबादी तक राहुल गांधी की आवाज पहुंचाने के लिए 10 सितंबर को कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में पुनर्वास कॉलोनियां सबसे अधिक बनाई गई थीं। उसके बाद 1987 और 1992 में भी 25-25 गज के मकान दिए गए थे। इन कॉलोनियों में कांग्रेस का वोट बैंक है। सरकार की कोशिश है कि चुनाव से पूर्व इन्हें मालिकाना हक सौगात देकर एक बड़ा तबका जोड़ा जाए।

Related posts