
नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में शनिवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने इलाके के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के बेटे सहित एक अन्य पर अंधाधुंध फायरंग कर हत्या कर दी। इस हत्याकांड में दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया है। इस हत्याकांड के बाद पुलिस पूरी तरह किसी भी अप्रिय घटना को लेकर बेहद संजीदा हो गई है और पूरे इलाके में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
इस हत्याकांड में किसी पुरानी रंजिश के चलते प्रतापगढ़ के एम.एल.सी. अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल जी’ सहित तीन अन्य और चार अज्ञात के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। अमेठी के थाना जगदीशपुर के दौलतपुर गांव में अपनी स्कार्पियो गाड़ी पर सवार हो कर आ रहे जामो के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जंग बहादुर के बेटे महेंद्र सिंह पर बोलेरो गाड़ी में सवार कई बदमाशों ने घेर कर अधाधुंध फायरिंग कर दी और देखते ही देखते महेंद्र और उसके ड्राइवर सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।
गाड़ी में सवार एक शख्स देशराज बुरी तरह घायल हो गया, लोग कुछ समझ पाते तब तक हत्यारे फरार हो चुके थे। इस हत्याकांड में सपा के बड़े नेता का नाम आने के बाद इलाके में राजनैतिक समीकरण बदल गया है और लोग ये उम्मीद कर रहे हैं कि इस मामले में इलाके के सांसद राहुल गांधी आकर अपने कार्यकर्त्ता को न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे।
