

अमेठी: लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास अमेठी में कांग्रेस उपाध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ जमकर ताल ठोक रहे हैं। कुमार विश्वास अमेठी में तेजी से जनसम्पर्क अभियान में जुटे हुए हैं और छोटी छोटी जनसभाओं में अमेठी के रुके हुए विकास कार्यों के लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
ऐसी ही एक चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि अगर अमेठी की जनता उन्हें चुनाव में जिताती है तो अमेठी का विकास होकर रहेगा। आप नेता ने कहा किअमेठी के विकास को लेकर हमेशा ये बहाना बनाया जाता है कि राज्य सरकार मदद नहीं करती। लेकिन अगर वह अमेठी लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाते हैं तो विकास के लिए राज्य सरकार को मजूबर कर देंगे। फिर चाहे सरकार अखिलेश की हो या बहन मायावती की। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार अमेठी की उपेक्षा करेगी तो मुख्यमंत्री आवास के सामने अमेठी की समस्याओं के लिए मैं खुद धरने पर बैठूंगा।
खास बात है कि कुमार विश्वास की सभाएं भीड़ के लिहाज से भले ही बेहद छोटी हों लेकिन उसमें मौजूद लोगों को कुमार विश्वास का अन्दाज और बातें पसन्द आ रही हैं। रामगढ़ के प्रधान मनीष सिंह ने कहा कि आज तक लोकसभा चुनाव के किसी प्रत्याशी ने रामगढ़ गांव की समस्याएं सुनने की कोशिश नहीं की। लेकिन कुमार विश्वास यहां आये और हमारी समस्याऐं सुनी। कुछ इसी तरह की राय अन्य क्षेत्रों के लोगों की भी है। हालांकि लोकसभा चुनाव से पहले अमेठी की सियासी हवा के बारे में कुछ भी कहना बहुत जल्दी होगा, लेकिन इतना तो तय है कि आने वाला चुनाव बेहद रोचक होगा।
अभी तक राहुल गांधी एक तरफा जीत हासिल करते आए हैं, लेकिन इस बार उनके सामने एक चर्चित चेहरा है। वहीं कुमार विश्वास भी लोगों के समर्थन से बेहद उत्साहित हैं और कह रहे हैं कि अमेठी में आप की हवा चल रही है। खासतौर से दिल्ली में जिस तरीके से अरविंद केजरीवाल ने शीला दीक्षित को हराकर बड़े-बड़े दिग्गजों की बोलती बन्द कर दी, कुमार विश्वास को विश्वास है कि अमेठी की जनता भी इस तरह के नतीजे दे सकती है।
