रास्ता लंबा है लेकिन जल्दी खत्म करना है: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में 45 पुनर्वास कॉलोनी के निवासियों को मालिकाना हक के सर्टिफिकेट बांटे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रास्ता लंबा है, लेकिन जल्दी खत्म करना है।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने एक दर्जन से अधिक लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे। मूल आवंटी को सर्किल रेट का पांच फीसदी, 31 मार्च 2007 से पहले के खरीददारों को 30 फीसदी और उसके बाद के खरीददारों को 100 फीसदी राशि का भुगतान करना होगा। इन कॉलोनियों में ढाई लाख परिवार रहते हैं, जो ज्यादातर कांग्रेस समर्थक हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए सरकार ने पिछले दस साल में विकास के मायने बदले हैं। विकास के साथ अधिकार दिए हैं। सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, रोजगार का अधिकार और अब भोजन का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा, ‘विपक्ष का तर्क था कि खाद्य सुरक्षा कानून में बहुत पैसा जाया होगा। मै पूछता हूं कि गरीबों को भोजन देना क्या पैसा जाया करना है? अगर ऐसा है तो हम ऐसा करेंगे।’
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दिल्ली के विकास की सराहना की, लेकिन कहा सिर्फ संसाधन जुटाने का कोई फायदा नहीं है अगर जनता आगे नहीं बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि लोग सपना देखते हैं कि दिल्ली जाकर कमाएंगे। हमें इनका सपना पूरा करना है। रोजगार गारंटी योजना पर विदेशी पूछते हैं कि इतनी बड़ी आबादी में यह गारंटी कैसे दे दी। राहुल ने कहा कि हमें जनता को नहीं भूलना चाहिए। जो काम अधूरे हैं, वह कांग्रेस सरकार ही पूरे कर सकती है। सरकारी कार्यक्रम चुनावी सभा में तब्दील थी और आते-जाते राहुल गांधी वोटर्स से हाथ मिलाते निकले।
—–

राहुल पीएम बनेंगे तो खत्म होंगी दिक्कतें : शीला
नई दिल्ली । मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में बहु निकाय व्यवस्था की दिक्कतों के कारण जो काम दूसरे राज्य तीन-चार महीने में कर लेते हैं, उसमें हमें साल लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश का भविष्य हैं। जिस दिन वह प्रधानमंत्री बनेंगे, उस दिन बहु निकाय व्यवस्था की दिक्कत खत्म कराने के लिए उनके पास जाएंगे। वहीं शहरी विकास मंत्री अरविंदर सिंह ने कहा कि पूरा देश राहुल गांधी की तरफ देख रहा है। उन्होंने कहा कि 1977 में मंगोलपुरी के एक कार्यक्रम में इंदिरा गांधी ने कहा था कि जिन्हें प्लाट मिले हैं, उन्हें मालिकाना हक भी मिलेगा। कांग्रेस ने सिर्फ 45 कॉलोनी को मालिकाना हक ही नहीं दिया, बल्कि अनधिकृत कॉलोनी नियमन, भूमि सुधार अधिनियमन की धारा 81 की कार्रवाई भी रोकी है।

रामवती ने दिया आशीर्वाद
पैंतीस साल बाद त्रिलोकपुरी में रहने वाली रामवती को मालिकाना हक मिला तो वह बहुत खुश हुईं। रामवती कहती हैं, ‘राहुल गांधी ने मंच से नीचे आकर सर्टिफिकेट दिया और हालचाल पूछा तो मैंने भी आशीर्वाद दिया।’ मंगोलपुरी के शंकरलाल ने बताया कि राहुल ने प्रमाण पत्र दिया और हालचाल भी पूछा। वहीं, रमेश कहते हैं, ‘पंजाबी बाग रोड नंबर 7 पर झुग्गी थी। हटाई गई तो मंगोलपुरी में प्लॉट दिया। अब मालिकाना हक मिला है तो खुशी हुई। अब इस जमीन के कागज पर लोन भी मिल सकेगा और किसी की जमानत भी करवा सकूंगा।’
—–

वंदेमातरम् की धुन पर झूमीं शीला
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित समर्थकों के बीच अस्तित्व बैंड के वंदेमातरम् की धुन पर झूमने लगीं। मां तुझे सलाम गूंजा तो दोनों हाथ उठाकर समर्थकों का बूस्टअप किया। हाल में कांग्रेस का हाथ थामने वाले पॉप गायक दलेर मेहंदी भी अस्तित्व बैंड के साथ गाने लगे। गाना जब खत्म होने वाला था तो दलेर मेहंदी का माइक पकड़कर शीला दीक्षित ने गायकों के सुर में सुर मिलाया। इस बीच मुख्य सचिव डीएम स्पोलिया अपने कैमरे से रिकॉर्डिंग करते दिखाई दिए।

बीच में गूंजा कृष्ण भगवान की जय का नारा
शीला दीक्षित की जय और राहुल गांधी की जय के नारे के बीच स्टेडियम में पहुंचे एक समर्थक ने जब कृष्ण भगवान की जय का नारा लगाया तो सब उसकी तरफ देखने लगे। वाकया था, दलेर मेहंदी के गाने अल्ला हू… का। जैसे ही गाना खत्म हुआ तो कृष्ण भगवान की जय का नारा गूंज उठा।
—-
मंच पर शीला के साथ बैठे प्रदेश अध्यक्ष
कार्यक्रम के दौरान मंच पर शीला दीक्षित की बराबर वाली कुर्सी पर प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल बैठे। सरकार व संगठन के बीच चल रही खींचतान को दूर करने की नसीहत कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ माह पूर्व दिए थे। दूरियां न दिखे हो इसलिए दोनों साथ-साथ बैठे।

Related posts