रास्ता रोककर की मारपीट, केस दर्ज

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के हथलौण में वीरवार रात घर जा रहे एक व्यक्ति का रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पीड़ित व्यक्ति घायल हो गया है। उसे उपचार और मेडिकल के लिए बंगाणा अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जसविंद्र सिंह पुत्र खलैलू राम निवासी बौट ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वीरवार देर रात जब यह बंगाणा से अपने घर बौट जा रहा था तो रास्ते में हथलौण निवासी सन्नी ने उनका रास्ता रोक कर झगड़ना आरंभ कर दिया। उनके विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने वारदात के संदर्भ में आईपीसी की धारा 341, 323, 504 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

चालक-परिचालक पर अभद्र भाषा का आरोप
थानाकलां (ऊना)। एचआरटीसी की थानाकलां भाखड़ा मार्ग पर चलने वाली एक बस के चालक-परिचालक पर सवारियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए हैं। पुल के टूटने के कारण बस के चालक परिचालक ने सवारियों को घटनास्थल से तीन किलोमीटर पीछे ही उतार दिया। इससे क्रोधित सवारियों ने चालक परिचालक को अन्य बसों की तरह टूटे हुए पुल तक चलने को कहा, लेकिन इस पर सवारियों एवं चालक परिचालक पर बहस शुरू हो गई। सवारियों ने आरोप लगाया कि चालक-परिचालक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। सवारियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बस की शिकायत बुक को मांगा तो चालक-परिचालक ने इसे देने से भी मना कर दिया। उधर, निगम के आरएम अनूप राणा ने बताया कि यदि मामले के संदर्भ में लिखित शिकायत आती है तो अवश्य कार्रवाई की जाएगी।

Related posts