
ऊना ( विवेक त्रिपाठी)शहर के वार्ड नंबर सात में दमदमा मोहल्ले के एक रास्ते को बंद करने का मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार को स्थानीय लोगों ने पूर्व पार्षद नवदीप कश्यप के नेतृत्व में उपायुक्त अभिषेक जैन को ज्ञापन सौंप कर रास्ता खुलवाने मांग की है। मोहल्ले के एक रास्ते को कुछ प्रभावशाली लोगों ने बजरी और डंडे लगाकर बंद कर दिया है। जिससे स्थानीय लोगों में खासा रोष है। लोगों के अनुसार करीब 1200 आबादी इस समस्या से परेशानी झेल रही है।
स्थानीय लोगों में अर्जुन मेहता, कर्ण मेहता, साहिल, अमन, माइकल, सुभाष पुरी, शाम आंगरा, प्रवीण मेहता, डॉ. राजेंद्र पुरी, शशि आंगरा, प्रोमिल मेहता, वीना पुरी, श्याम पुरी, नमिता वर्मा और सीमा मेहता सहित अन्य लोगों का कहना है कि रास्ते को यह कह कर बंद किया गया था कि स्थानीय गुरुद्वारे में जोड़ मेला लगा हुआ है और मेला खत्म होते ही रास्ता खोल दिया जाएगा। मेला खत्म होने के पांच दिन बाद भी रास्ता खोला नहीं गया है और अब रास्ते को खोलने में टाल मटोल की जा रही है। लोगों का कहना है कि इस रास्ते को खुलवाकर राहत दी जाए, जिससे आने जाने में स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संबंध में शीघ्र उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि वार्ड नंबर सात के लोगों का शिकायत पत्र पहुंचा है। जल्द ही इस मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
