
मनाली । दो से छह जनवरी तक मनाए जाने वाले विंटर कार्निवल में राष्ट्रीय स्तरीय कला के पारखी निर्णायक की भूमिका अदा करेंगे। विंटर कार्निवल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मनाली एसडीएम विनय धीमान ने बताया कि मनाली के विंटर कार्निवल का स्तर ऊंचा उठाने के लिए देश के कोने-कोने से राष्ट्रीय स्तरीय कला के पारखियों को निर्णायक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्हाेंने बताया कि अभी तक मुंबई के दो जजों ने मनाली आने के लिए हामी भरी है। बताया कि सबंधित संस्थानों से अन्य जजों को विंटर कार्निवल में भाग लेने के लिए बातचीत चल रही है। उन्हाेंने कहा कि इस वर्ष रामबाग और मनाली के माल पर स्क्रीनें लगाई जाएंगी तथा मनु रंगशाला, महिला मंडलों की रस्साकस्सी और मनाली के माल पर चल रहे रंगारंग कार्यक्रमों को लाइव दिखाया। पहले दिन मनाली सबडिवीजन की 17 पंचायतों के 17 महिला मंडल झांकी में भाग लेंगे। महिला मंडल कुल्लवी परिधानों के साथ कुल्लवी प्राचीन वाद्य यंत्रों और स्कूल के बैंड के साथ मार्च पास्ट करेंगे। सभी महिला मंडल को विंटर कार्निवल में भाग लेने के लिए 25 सौ रुपये राशि दी जाएगी तथा प्रत्येक दिन परिणाम भी घोषित किया जाएगा तथा प्रथम द्वितीय आने वाले को 35 सौ और तीन हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिया जाएगा। बताया कि मनाली के रामबाग में महिला मंडलों की रस्साकशी का आयोजन किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि इस वर्ष विंटर क्वीन स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा तथा पुरुष व्यक्तित्व की प्रतियोगिता को रद कर दिया गया है।
