
कुल्लू। सतलुज की लहरों पर देश के करीब 70 राफ्टरों ने अपने करतब से सबको हैरत में डाल दिया। मौका था प्रथम कर्नल बलवंत संधु राष्ट्रीय राफ्टिंग स्पर्धा का। हिमाचल पर्यटन, स्टेट राफ्टिंग संघ, भारतीय राफ्टिंग फाउंडेशन तथा फ्लेट एंड व्हाइट वाटर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में सतलुज की लहरों पर राष्ट्रीय राफ्टिंग स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देश भर की करीब 12 टीमों ने हिस्सा लिया। हिमाचल टीम ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में हिमाचल समेत भारतीय सेना, इंडियन एयरफोर्स, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, सतलुज राफ्टिंग टीम के अलावा महिला वर्ग में दिल्ली आदि टीमों ने शिरकत की।
प्रतियोगिता में चार वर्गों के तहत कंपीटीशन करवाए गए। स्पीड रेस, हेड टू हेड रेस, सलालम और आठ किलोमीटर लंबी मैराथन करवाई गई। महिला वर्ग में हिमाचल टीम ने बाजी मारी। व्हाइट वाटर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के रेस निदेशक शौकत सिकंद ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की गई है। हिमाचल टीम में जिला कुल्लू के सात राफ्टर शामलि थे। इनमें गिम्नर ठाकुर, नवीन, पन्ने लाल, लवेश कुमार, पमेश्वर सिंह, चमनलाल और गितेश राज हैं। शौकत अली ने बताया कि इससे पहले भी प्रदेश टीम ने चार बार राष्ट्रीय स्तर पर झंडे गाडे़ हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 नवंबर को हुआ था। रविवार को समापन हुआ। हिमाचल की जीत पर कुल्लू के विधायक महेश्वर सिंह, बंजार के विधायक कर्ण सिंह, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, मनाली के विधायक गोविंद सिंह ठाकुर और रिवर राफ्टिंग संघ कुल्लू ने भी पूरी टीम को बधाई दी है।
