
चंबा। परेल शिव मंदिर के समीप रावी नदी में डूबने से हरियाणा निवासी युवक की मौत हो गई। युवक कालेज के विद्यार्थियों के साथ तीन दिवसीय भ्रमण पर चंबा आया था और मंगलवार दोपहर बाद रावी नदी के किनारे अचानक नदी के तेज बहाव में बह गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गगनदीप पुत्र सुरेंद्र कुमार (19) हाउस नंबर 221, वार्ड नंबर 16 गांव रतिया जिला फतेहाबाद (हरियाणा) कालेज के ग्रुप के साथ घूमने के लिए चंबा आया था। वे एमएम पीजी कालेज फतेहाबाद में बीकाम प्रथम वर्ष का विद्यार्थी था। कालेज के 30 विद्यार्थियों का दल शिक्षक विनोद व विकेश के साथ मंगलवार को रावी नदी को परेल स्थित शिव मंदिर के समीप से निहार रहे थे। बताया जा रहा है गगनदीप अपने सहपाठियों के साथ रावी नदी के समीप चला गया और फोटो खिंचने लगे। पांव फिसलने से गगनदीप रावी नदी की तेज धारा में बह गया। उसे तैरना नहीं आता था। यह देखकर अन्य विद्यार्थियों ने चिल्लाना शुरू किया और कुछ विद्यार्थी सड़क से उसे बचाने के लिए दौड़े। युवक करीब 800 मीटर तक रावी की धारा में बहता रहा। कालेज के विद्यार्थियों का शोर सुनकर तड़ोली का युवक कमल कुमार रावी नदी में कूद पड़ा और बड़ी मुश्किल से युवक को नदी से बाहर निकाला। एएसआई जय चंद कटोच, कांस्टेबल रविंद्र कुमार व संदीप कुमार की अगुवाई में युवक को जिला अस्पताल में लाया गया, जहां पर एमडी डा. जितेंद्र महाजन और डा. विशाल ठाकुर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रख दिया है। खबर मिलते ही स्कूल के शिक्षकों ने घटना की सूचना कालेज के प्राचार्य को दे दी थी और स्कूल के प्राचार्य ने इसकी सूचना मृत युवक के परिजनों को दी। उधर, डीएसपी चंबा जितेंद्र चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में रखा गया है।
