रायसन फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ संघर्ष की तैयारी

कुल्लू। रायसन में मिनरल फैक्टरी के खिलाफ किसानसभा ने उग्र रूप धारण कर लिया है। सभा सीटू के साथ मिलकर छह सितंबर को फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन पर उतरेगी। सभा आजकल मजदूर हितों की लड़ाई के लिए गांव में जाकर लोगों से समर्थन जुटाने में जुटी है।
हिमाचल किसानसभा जिला कुल्लू कमेटी ने मिनरल वाटर फैक्टरी रायसन में कार्यरत मजदूरों के एक महीने से चल रहे आंदोलन का समर्थन किया है। सभा के राज्य सहसचिव एवं जिला कुल्लू के महासचिव होतम सिंह सौंखला ने कहा कि फैक्टरी प्रबंधन वर्ग कार्यरत मजदूरों का शोषण कर रहा है। फैक्टरी में ज्यादातर मजदूर स्थानीय हैं। कंपनी मजदूरों को रोजगार से वंचित करना चाहती है। मजदूरों को प्रताड़ित करने के लिए रायसन में कार्यरत पांच मजदूरों का तबादला नोएडा कर दिया है। एक महीने से मजदूर तबादला रोकने की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रबंधन वर्ग के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही।
किसान सभा की जिला कमेटी ने सरकार से मांग की है कि शीघ्र कंपनी प्रबंधन वर्ग को मजदूरों के तबादले रद करवाने के आदेश दें। सभा ने फैसला लिया है कि छह सितंबर को सीटू के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। आजकल ब्लॉक सचिव अनिल कुमार और ब्लॉक अध्यक्ष रोशन लाल के संयुक्त नेतृत्व में गांवों में जाकर आंदोलन को सफल बनाने के लिए लोगों से समर्थन मांगा जा रहा है।

Related posts