
पतलीकूहल (कुल्लू)। नेशनल हाइवे-21 स्थित रायसन-कैंपिंग साइट के बीच खस्ताहाल एक किलोमीटर सड़क पर एनएच अथॉरिटी ने पैचवर्क का काम शुरू कर दिया है। बदहाल सड़क को लेकर जनहित मंच के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र ठाकुर की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन से नेशनल हाइवे पर चक्का जाम किया था। अब महकमा कुंभकरणी नींद से जाग गया है और शुक्रवार से तारकोल बिछाने का कार्य शुरू हो गया है। मामले को ‘अमर उजाला’ ने भी प्रमुखता से उठाया था। लिहाजा, पिछले लंबे अरसे से इस सड़क की अनदेखी कर रही नेशनल हाइवे अथॉरिटी ने अब इस सड़क की सुध लेनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को नेशनल हाइवे के अमले के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस सड़क का जायजा लेने के बाद यहां पर सड़क की सोलिंग और टारिंग की व्यवस्था करनी शुरू कर दी। इसके लिए बाकायदा सड़क की सोलिंग करने में दक्ष एक टीम को काम पर लगाया गया। इतना ही नहीं गड्ढों को भरने के बाद उन्हें समतल करने के लिए रोलर भी मौके पर लाया गया। नेशनल हाइवे के पंडोह में तैनात अधिशाषी अभियंता डीआर मेहता ने बताया कि हालांकि रायसन-कैंपिंग साइट में नए सिरे से टेंडर होंगे। लेकिन, फौरी राहत के तौर पर विभाग खराब प्वाइंट पर टारिंग करने में जुट गया है। उधर, जनहित मंच कुल्लू के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र ठाकुर ने कहा कि वह भुंतर से लकर मनाली तक नेशनल हाइवे को चकाचक करवा कर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि अगर नेशनल हाइवे अथॉरिटी सड़क के रखरखाव में कोताही करता है तो मंच के लोग दोबारा सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
