
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव पर भगवान रघुनाथ के ढालपुर स्थित अस्थायी शिविर में उनके दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। भगवान रघुनाथ के कुल पुरोहितों ने शुक्रवार को रघुनाथ जी का सोलह प्रकार के मंत्रोच्चारण करने के बाद उनका हार-शृंगार किया। इसके बाद राम, सीता, हनुमान तथा नरसिंह की विधिवत पूजा अर्चना की गई। भव्य शृंगार करने पर भगवान रघुनाथ के शिविर में उनके दीदार के लिए पहुंचे हजारों भक्त इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह तथा कुल पुरोहितों की ओर से भगवान रघुनाथ का पवित्र जल से स्नान करवाया गया। शृंगार प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भगवान रघुनाथ के दर्शन के लिए दूर-दराज से पहुंचे हजारों लोगों ने भजन कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना डाला। इस अवसर पर पूरा वातावरण राम नाम के उद्घोष से गूंज उठा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भगवान रघुनाथ के द्वार में लोग उनके दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। इस बीच रघुनाथ जी की सात आरतियां भी उतारी गईं। रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने बताया कि भगवान रघुनाथ की आरती रोजाना सात दिन तक उतारी जाएगी। दिन के समय जहां रघुनाथ के शिविर में विशेष प्रकार की पूजा अर्चना की जाती है, वहीं रात के समय चंद्राऊली नृत्य पेश किया जा रहा है।
