
अंब (ऊना)। रामलीला देखकर वापस लौट रहे दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। क्रास केस दर्ज किया गया है। वारदात में चार लोग लहूलुहान हो गए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राकेश कुमार पुत्र तरसेम लाल निवासी अपर अंदौरा शनिवार देर रात भाई के साथ रामलीला देख कर घर को लौट रहा था। रास्ते में अरुण कुमार पुत्र बलवान सिंह ने तीन साथियों के साथ उसका रास्ता रोका और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे राकेश के दोस्त ने उसे छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे भी लाठियों से पीट डाला। वारदात में तीनों बुरी तरह घायल हो गए। इन्हें घायल अवस्था में खंड चिकित्सालय पहुंचाया गया। उधर, अरुण कुमार पुत्र बलवान सिंह निवासी अंदौरा ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह दुकान बंदकर अपनी मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था।
रास्ते में राकेश कुमार और तीन दोस्तों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। अरुण कुमार को चोटें आईं हैं। रामलीला देखकर लौट रहे उसके दोस्तों ने उसे राकेश कुमार के चुगल से छुड़ाया। अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि शनिवार देर रात अंब-अंदौरा मार्ग पर दो गुटों में मारपीट हुई। इनका मेडिकल करवाया गया है तथा दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआईआर हुई है। दोनों पक्षों के चार-चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
