
रामपुर बुशहर। शहर में व्यापारियों का दो गुट में बंटना लगभग तय हो चुका है। वर्तमान व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने चुनाव के लिए 29 दिसंबर को जनरल हाउस बुलाने को कहा था, लेकिन जनरल हाउस न बुलाने पर उखड़े व्यापारियों ने मंगलवार से व्यापारियों का नए सिरे से पंजीकरण करने का निर्णय लिया है। इसके बाद नए व्यापार मंडल का चुनाव किया जाएगा। इसको लेकर व्यापार मंडल संघर्ष समिति की एक विशेष बैठक रामपुर में हुई, जिसमें व्यापारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यापार मंडल के अध्यक्ष जान-बूझकर चुनाव टाल रहे हैं, जिससे वह कुर्सी पर बने रह सके।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष प्रताप गुप्ता ने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष जान-बूझकर चुनावों में देरी कर रहे हैं क्योंकि वह एक बार फिर से बैक डोर एंट्री कर अध्यक्ष बनना चाहते हैं, जबकि वर्तमान व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने कुछ दिन पूर्व कहा था कि वह 29 दिसंबर को व्यापारियों का एक जनरल हाउस बुलाएंगे और उसमें संघर्ष समिति के सदस्यों को भी बुलाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके कारण चुनावों में और देरी हो रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति अब स्वयं व्यापारियों के पंजीकरण करने की प्रक्रिया को पूरा करेगी। इसके बाद पंजीकृत व्यापारियों के साथ मिलकर एक बैठक कर आगामी कार्यवाही के बारे में चरचा की जाएगी और व्यापार मंडल चुनाव करवा कर नए सिरे से व्यापार मंडल का गठन किया जाएगा। बैठक के दौरान राज कश्मीरी, जेआर शर्मा, वासु देव शर्मा, हेमंत शैली, नरेंद्र सिंह मलिक, गिरधारी लाल गुप्ता, यशपाल सोनी, राजीव चौहान व सुशील कुमार सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।
