रामपुर कॉलेज में एबीवीपी का प्रदर्शन

रामपुर बुशहर। स्थानीय पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने रूसा समेत अन्य समस्याओं पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। परिषद कार्यकर्ताओं ने रूसा के खिलाफ एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल भी शुरू की।
नगर मंत्री विक्की ठाकुर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया और विवि तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नगर मंत्री ने कॉलेजों में रूसा लागू करने के लिए विवि प्रशासन की कड़ी आलोचना की। कहा कि विवि ने अपने फायदे के लिए छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। जबकि, रूसा के तहत अभी तक पाठ्यक्रम तक तैयार नहीं है। ऐसे में विद्यार्थी कैसे अपनी पढ़ाई कर पाएंगे? उन्होंने कहा कि अगर रूसा को वापस नहीं लिया गया, तो भविष्य में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छह माह का समय गुजरने पर भी कॉलेज की समस्याएं हल नहीं हो पाई हैं। यहां प्रवक्ताओं के कई पद रिक्त हैं, वहीं कन्या छात्रावास और कला संकाय भवन का कार्य भी अधूरा पड़ा हुआ है। सरकार न तो रिक्त पद भर रही है और न ही निर्माण कार्यों की तरफ ध्यान दे रही है। सरकार की इस लापरवाही का खामियाजा सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। नगर मंत्री ने बताया कि सांकेतिक भूख हड़ताल पर विपिन खूंद, यशवंत, दीपक वर्मा, अजय जिंटा आदि बैठे हैं। जबकि, प्रदर्शन में लालचंद, कैलाश, नीरज नेगी, मुकेश ठाकुर समेत कई छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Related posts