
भुंतर (कुल्लू)। व्यास नदी की धारा में राफ्ट पलटने से एक महिला सैलानी की मौत हो गई। राफ्टर में सवार सात अन्य सैलानी घायल हो गए हैं। हादसे के बाद तुरंत हरकत में आए राफ्टरों ने सैलानियों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। सैलानी तमिलनाडु से मनाली घूमने आए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर कलैहली के समीप व्यास नदी में राफ्ट पलटने से इसमें सवार एक महिला की मौके पर मौत गई। राफ्टर में सवार सात अन्य सैलानी घायल हो गए हैं। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि मृतक महिला की पहचान तमिलनाडु के काचीपुरम एससरनाथन (42) के रूप में हुई है। काचीपुरम के प्रियंकाश्री, कर्नाटक की रश्मी, वाईडी बजराती, डी प्रिया, एसनिराधा और एसश्रीनाथन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि मामले की छानबीन एएसआई राजेश को सौंपी गई है।
