
ऊना। क्षेत्र के कोटला कलां स्थित राधा कृष्ण मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेककर भगवान कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़नी शुरू हो गई थी। राष्ट्रीय संत बाबा बाल महाराज ने सभी भक्तों को जन्माष्टमी पर्व की बधाई दी। मंदिर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम केे तहत कथावाचक संजीव कृष्ण ठाकुर ने कहा कि शास्त्रों में कहा गया है कि जरूरत से अधिक संग्रह करना विनाश का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को उतना ही धन संग्रह करना चाहिए, जितने की जरूरत है। अधिक धन संग्रह करके जीवन की विलासताओं को तो पूर्ण किया जा सकता है, लेकिन मन की शांति नहीं मिल सकती। ठाकुर ने कहा कि संग्रह ही करना है तो धर्म का कीजिए और अधिक धन आने पर उसको धार्मिक कार्य में लगाइए। उन्होंने कहा कि जीवन में शांति का मूल मंत्र पकड़ने के लिए सेवा को पकड़ना होगा। ठाकुर ने कहा कि दूसरों के सुखों से कभी भी जलना नहीं चाहिए, क्योंकि जलता तो वह है जो मरता है। इस अवसर पर बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि भागवत एक श्रेष्ठ ग्रंथ है और भगवान कृष्ण के साक्षात दर्शन इसमें होते हैं। भागवत की सेवा करने से भगवान कृष्ण का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा व उसकी रक्षा करने का संकल्प हम सबको लेना चाहिए ताकि हम अपने भविष्य के जीवन को सुधार सकें। इस मौके पर दर्शन सैणी, जीत राम, मोहन लाल सैणी, जगदेव, लब्बा राम, माधवानंद व कैलाश देवी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
