रात भर जाम रहा ऊना-पीरनिगाह मार्ग

ऊना। पीरनिगाह में वीरवार रात को आयोजित सांस्कृतिक संध्या के चलते उमड़े जनसैलाब के चलते पीरनिगाह रोड लगभग नौ घंटों तक जाम रहा। जाम में हजारों श्रद्धालु फंसे रहे। शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे के बाद नियमित रूप से श्रद्धालुओं के अपने गंतव्यों की ओर निकलने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। इससे पूर्व वीरवार देर सायं भी पीरनिगाह के लिए श्रद्धालुओं के आने के समय ही ऊना शहर में जाम जैसी स्थिति बनती रही लेकिन कार्यक्रम शुरू होते ही हिमाचल और पंजाब समेत निकटवर्ती राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए। भीड़ इस कद्र उमड़ पड़ी कि ऊना से पीरनिगाह तक करीब दस किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इतना ही नहीं पीरनिगाह तक रक्कड़ और बहडाला चताड़ा से होका जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अव्यवस्थाओं के चलते गायक गुरदास मान, मास्टर सलीम और पूर्णशाह कोटि को भी कुछ समय के लिए जाम में फंसना पड़ा।
समारोह के मुख्यातिथि विक्रमादित्य को पुलिस की पायलट गाड़ी के साथ काफी जद्दोजहद के उपरांत पीरनिगाह पहुंचाया गया लेकिन देर रात 11 बजे शुरू हुआ जाम का सिलसिला शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जारी रहा। इसके चलते एसएचओ सदर केएल बैरी, यातायात पुलिस प्रभारी मनजीत ठाकुर भी दर्जनों पुलिस कर्मचारियों सहित मौके से वाहनों को निकालने में रात भर जुटे रहे।

जाम में फंसे बालक की मौत!
ऊना। पीरनिगाह में वीरवार देर रात सभी मार्गाें पर भारी भीड़ के कारण राजपुरा पटियाला से आए श्रद्धालुओं के जत्थे में शामिल एक 13 वर्षीय बच्चा बीमार हो गया। उसे उपचार के लिए काफी मशक्कत के बाद ऊना अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में मृतक बालक के परिजनों ने बच्चे की मौत के संदर्भ में कोई भी पुलिस कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके चलते न तो कोई केस ही दर्ज किया जा सका और न ही शव का पोस्टमार्टम किया जा सका। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि बालक की मौत बीमारी के कारण हुई है। इसके चलते कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सका है।

Related posts