
जालंधर: शहर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था चरमरा कर रह गई है तथा रात को स्ट्रीट लाइटें न जलने के कारण आपराधिक घटनाएं भी बढ़ रही हैं। लोगों को स्ट्रीट लाइट न जलने से मुश्किलें तो आ ही रही हैं परन्तु अब दिलबाग नगर निवासियों को स्ट्रीट लाइट के कर्मचारियों से अजीब बात सुनने को मिल रही है जिससे उनका गुस्सा और भी भड़क उठा है।
दिलबाग नगर में आजकल दिन के समय स्ट्रीट लाइट जल रही होती है। इस संबंध में कई लोगों ने जब स्ट्रीट लाइट विभाग के कर्मचारियों को शिकायत की तो उन्होंने अजीब किस्म का जवाब देते हुए कहा कि रात को न सही दिन में तो स्ट्रीट लाइट जल रही है इसलिए लोगों को हमारा शुक्रिया अदा करना चाहिए। चाहे स्ट्रीट लाइट दिन के समय मुरम्मत के कारण क्यों न जल रही हो परन्तु कर्मचारियों के जवाब बहुत हैरानीजनक मिल रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट ठेकेदार द्वारा समय पर न तो खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला जा रहा है और न ही वे लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हैं। स्वाभाविक है कि जन आक्रोश बढऩा ही है। स्ट्रीट लाइट ठेकेदारों को काम में लापरवाही दिखाने पर अब न तो जुर्माना हो रहा है और न ही उन्हें डांटा-फटकारा जा रहा है।
दिलबाग नगर के लोगों ने कहा कि उन्होंने तो दिन में लाइटें जलने की शिकायत करके अपना फर्ज निभाया है। पहले ही बिजली की भारी कमी चल रही है जिस कारण पावरकॉम को बिजली कट लगाने पड़ते हैं। अब ऊपर से ठेकेदारों तथा स्ट्रीट लाइट कर्मचारियों के विभाग से लोगों का दुखी होना स्वाभाविक है। लोगों ने यह भी कहा कि रात को कई बार विभिन्न भागों में स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं जिन्हें ठीक करने की शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं होती है।
