
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विस क्षेत्र की सकलाना पंचायत में विद्युत बोर्ड के कारनामे से हर कोई दंग रह गया। यहां बोर्ड के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को रात के दस बजे बिजली के बिल वितरित किए और अगले ही दिन भुगतान की अंतिम तारीख तय कर दी। कर्मचारी रात दस बजे तक घर-घर टॉर्च हाथ मे लिए बिल वितरित करते रहे। इसका लोगों ने कड़ा विरोध किया है। पांच दर्जन उपभोक्ताओं ने इस मामले की पंचायत को शिकायत की है। पंचायत के माध्यम से बोर्ड के आलाधिकारियों को भी शिकायत पत्र भेजा है।
लोगो का कहना है कि कुछ परिवार अति निर्धन हैं। वे इतनी जल्दी बिल का भुगतान नहीं कर सकते। आरोप लगाया कि बोर्ड ने जल्दबाजी में रातों-रात जो बिल दिए हैं, उनमें कई खामियां हैं। कुछ उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग गलत ली गई है, जिस वजह से उन्हें भारी भरकम बिल थमा दिए गए हैं। उपभोक्ताओं ने बोर्ड को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा आगे भी जारी रहा तो वे सीधे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। पंचायत तथा बोर्ड को दी शिकायत में पांच दर्जन उपभोक्ताओं भाग सिंह, विकास, खेम सिंह, सुमित्रा देवी, सुनील कुमार, मनीष, महेंद्र, शेष पाल, चंद्र कुमार, श्रवण, रघुवीर, राजेश, संदीप, चमन, गोबिंद, मस्त राम, गुड्डी देवी, हंसराज, निशा, नितु, हेम सिंह, कपिल, मनजीत, बलवंत, सतपाल, रमेशा देवी, प्रकाश, दीनानाथ, मंगल, संजीव, हेमराज, ब्रह्मदास, पुनीत, गोपाल, ईश्वर, प्रेम सिंह, सत्या, दामोदरी, ब्यासा देवी, परस राम, संजय कुमार, अमर सिंह, कृष्ण कुमार, पवन, अमर सिंह, रूपलाल, भाग सिंह, शेर सिंह, चंपा, निर्मला, सुरेंद्र, भूरी सिंह, जैसिंह, कांशी, अमर सिंह, केहर सिंह, बालम, देशराज, बंसत, बिहारी, गीतादेवी, सत्या देवी, सरपा देवी, कृपा राम एवं परमा राम आदि ने बोर्ड की इस कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष प्रकट किया है। इधर, सकलाना पंचायत के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उनके पास लोगों की लिखित शिकायत मिली है। कहा कि उपभोक्ताआें को बिल भुगतान करने में भारी परेशानी हो रही है। इस संदर्भ में बोर्ड के सहायक अभियंता बीएस ठाकुर का कहना है कि बोर्ड की तरफ से ठेकेदार को समय पर सभी दस्तावेज दे दिए गए थे, जो हुआ उसकी छानबीन की जाएगी। आगे ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
