रात को खड़ा किया ट्रक सुबह गायब

रात को खड़ा किया ट्रक सुबह गायब
गगरेट (ऊना)। गगरेट नगर से गत रात्रि एक दस टायरी ट्रक ट्राला चोरी हो गया है। ट्रक मालिक की शिकायत पर गगरेट पुलिस ने शिकायत दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि नगर के भरवाईं रोड में स्थित रफीक पेंटर की दुकान के बाहर सड़क किनारे एक ट्रक ट्राला नंबर एचपी 19बी 1835 खड़ा किया था। ट्रक मालिक बख्शीश सिंह निवासी दियोली ने बताया कि रविवार को उन्होंने दिन के समय अपना ट्रक पेंटर की दुकान पर रंग करने के लिए खड़ा किया था। रात्रि साढे़ आठ बजे ट्रक को दुकान के सामने ही लॉक करके वे अपने घर को चले गए। परंतु जब सुबह लगभग सात बजे वहां पहुंचे तो ट्रक वहां से गायब था। जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत गगरेट पुलिस को दी। गगरेट पुलिस ने पड़ोसी पंजाब पुलिस के कई थानों को भी इसकी सूचना दे दी, जिससे इस चोरी की घटना का कोई सुराग हाथ लग सके। उक्त ट्रक ट्राला गगरेट ट्रक यूनियन के अंतर्गत चलाया जा रहा था। इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी एएसआई प्रेम चंद ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts