
जालंधर: फिल्म अभिनेता व मौजूदा कांग्रेसी सांसद राज बब्बर का अमृतसर संसदीय सीट से चुनाव लडऩा लगभग तय माना जा रहा है। यद्यपि अमृतसर सीट से पिछली बार चुनाव लडऩे वाले ओम प्रकाश सोनी भी पुन: टिकट के चाहवान बताए जा रहे हैं पर कांग्रेस नेतृत्व को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज बब्बर को टिकट देने की वकालत की जा रही है। अमृतसर संसदीय सीट का इस समय प्रतिनिधित्व भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू करते हैं परन्तु सिद्धू ने जिस तरह से अपनी दिलचस्पी अमृतसर सीट से हटा दी है उसके बाद कांग्रेस की ओर से कई दावेदार चुनाव लडऩे के लिए मैदान में आ गए हैं।
सिद्धू के दिल्ली संसदीय सीट से चुनाव लडऩे की चर्चाएं चल रही हैं। भाजपा ने यद्यपि अमृतसर सीट को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं परन्तु बताया जाता है कि सिद्धू के इन्कार करने पर उद्योग मंत्री अनिल जोशी का नाम भाजपा नेताओं द्वारा संभावित उम्मीदवार के रूप में उछाला जा रहा है। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि राज बब्बर को अमृतसर से टिकट दिलवाने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान प्रताप बाजवा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। राज बब्बर की कोठी दिल्ली में बाजवा की कोठी के साथ ही है तथा दोनों नेताओं में अक्सर दिल्ली में बैठकें भी होती रहती हैं।कांग्रेस इस बार मजबूत उम्मीदवार की तलाश में थी क्योंकि पिछले कई चुनावों में उसे अमृतसर में लगातार पराजय का सामना करना पड़ रहा है। एक समय अमृतसर सीट पर सदैव कांग्रेस के उम्मीदवार की जीत होती थी।
अमृतसर में रघुनंदन लाल भाटिया लगातार कई बार चुनाव जीते थे पर सिद्धू के चुनाव मैदान में उतरने के बाद कांग्रेस को पराजय का मुंह देखना पड़ा। कांग्रेस की ऑफर पर राज बब्बर भी अमृतसर सीट को लेकर अपनी संभावनाओं को तलाशने में जुटे हुए हैं। वह भी अपने हितैषियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। यद्यपि टिकट का फैसला तो लोकसभा चुनावों के निकट होगा परन्तु राज बब्बर के पंजाब से चुनाव लडऩे पर राजनीति गर्मा सकती है।
