राज्य सरकार के फैसले को सराहा

ऊना। अंब ब्लाक पीटीए संघ की बैठक मंगलवार को अंब स्थित रामलीला मैदान में हुई। बैठक में अंब और गगरेट के पीटीए शिक्षकों ने हिस्सा लिया। बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल का आठ वर्ष कार्यकाल पूरा कर चुके पीटीए शिक्षकों को अनुबंध के आधार पर करने का फैसला स्वागत योग्य है। संघ ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। इस फैसले पर संघ ने खुशी व्यक्त की। बैठक में संघ की अंब इकाई के प्रधान अमित शर्मा, गगरेट के प्रधान विनोद कुमार, उपप्रधान अजय मनकोटिया, विनोद कुमार, रविंद्र कुमार, बृज मोहन, वाम देव, यूसुफ खान, हुसैन मोहम्मद, सीमा डोगरा, रमना देवी व सुरिंद्र सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे। अंब के प्रधान अमित शर्मा ने बैठक में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया फैसला पीटीए शिक्षकों के हित में है और नियमितीकरण के लिए भी आधार है। कुछ पीटीए शिक्षकों ने इस नीति की समीक्षा किए बिना इसका विरोध भी किया, जो उचित नहीं है। इस फैसले के लिए सभी पीटीए शिक्षक संघों को मुख्यमंत्री का आभार जताना चाहिए। प्रदेश सरकार पीटीए शिक्षकों की सच्ची हितैषी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह संघ ने विधानसभा चुनाव में खुले तौर पर कांग्रेस को समर्थन दिया, उसी तरह आगामी लोस चुनाव में भी कांग्रेस को समर्थन देंगे।

Related posts