
बजौरा/सैंज/बंजार। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि धूमल किस चीज के प्रोफेसर हैं ये तो मुझे पता नहीं, लेकिन इतना जरूर है कि धूमल राजनीति के प्रोफेसर नहीं है। क्योंकि उन्हें देश के संविधान का ज्ञान नहीं है। थरास जनसभा के दौरान वीरभद्र सिंह ने कहा कि धूमल आए दिन यह बयान दे रहे हैं कि 16 मई के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बर्खास्त हो जाएगी। धूमल ख्याली पुलाव पकाना बंद करें। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूरे पांच साल चलेगी। मुख्यमंत्री ने रविवार को बंजार विस क्षेत्र के थरास, सैंज और बंजार में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
सीएम ने कहा कि देश में ऐसी सरकार चाहिए जो धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और गरीबी उन्मूलनता में विश्वास करे। ऐसी सरकार चाहिए जो पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोए। ऐसी सरकार नहीं चाहिए जो की देश को बांटने का काम करें। उन्होंने कहा कि देश में हर धर्म, जाति और संप्रदाय के लोगों को अपनी इच्छा अनुसार जीवन जीने का हक है। मोदी के आने से देश में एक अबीज सी धारा बह रही है। अटल बिहारी वाजपेयी एक राष्ट्रवादी नेता थे। अब प्रचार में उनका फोटो तक नहीं दिखता है। मोदी ने आडवाणी, सुषमा, जसवंत जैसे बड़े नेताओं को पीछे धकेल दिया है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि गुजरात और महाराष्ट्र का विकास अंग्रेजों के जमाने में हुआ है। इसके अलावा गुजरात में भी कई क्षेत्र आज तक विकसित नहीं हो पाए हैं। स्वराष्ट्र में तो पीने और सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता है। देहात में आज भी लोग झोपडि़यों में रह रहे हैं। इस मौके पर बंजार के विधायक कर्ण सिंह, बुद्धि सिंह ठाकुर, सुंदर ठाकुर, आदित्य विक्रम सिंह, देवी सिंह पाल, टहल सिंह राणा, मनु शर्मा, गोपाल कृष्ण महंत, जोगराज, भूपेंद्र, बलदेव, कुल्लू मंडल अध्यक्ष उत्तम शर्मा आदि उपस्थित थे।
