राजगढ़ में स्ट्रीट लाइटें बंद, लोग परेशान

राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ में दर्जनों स्ट्रीट लाइटें बंद होने से आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्ट्रीट लाइटें बंद होने से जहां लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है वहीं सबसे अधिक कठिनाई सफाई कर्मचारियों को नगर की सफाई करने में प्रात: काल में आ रही है। गली-मोहल्लों तो क्या, मुख्य बाजार व सड़क में भी कई स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। पुराने बस अड्डा जो प्रमुख व्यवसायिक केंद्र है वहां पर स्ट्रीट लाइटें कई महीनों से बंद पड़ी हैं।
जगदीश वर्मा ने बताया कि सुबह लोग पहली बसों को पकड़ने के लिए आते हैं तो अंधेरे में उन्हें पुराने बस अड्डे पर काफी परेशानी रहती है। शिरगुल मंदिर के समीप रहने वाले नरेश कुमार ने बताया कि वहां पर भी स्ट्रीट लाइटें काफी लंबे समय से बंद पड़ी है। जंगल के समीप होने के कारण यहां जंगली हिंसक जानवरों तेंदुए आदि का आने का सिलसिला लगा रहता है। ऐसे में अंधेरा होने से लोग खासकर महिलाएं व बच्चे रात को बाहर निकलने में डरते हैं। हाब्बन रोड में फारेस्ट कालोनी की ओर की लाइटें बंद होने से वाहनों से छेड़छाड़ की अनेकों घटनाएं हो चुकी है।
रमेश चोपड़ा ने बताया कि पुलिस स्टेशन से आगे बंटी की ओर की लाइटें भी कई महीनों से बंद पड़ी हैं। लोगों का कहना है कि शहर की इतनी स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और इसका पता नगर पंचायत को है। इसे ठीक करने के लिए लोगों की ओर से बार-बार आग्रह करने के बाद भी इन्हें ठीक नहीं करवाया गया है जिस कारण नगर पंचायत के प्रति लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
नगर पंचायत के अध्यक्ष दिनेश आर्य से इस बारे में संपर्क करने पर उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि नगर पंचायत कई बार बिजली बोर्ड के अधिकारियों से मौखिक व लिखित आग्रह कर चुकी है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जाए पर बोर्ड इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

Related posts