राजगढ़-नौहराधार क्षेत्र में बिजली संकट

राजगढ (सिरमौर)। राजगढ़-नौहराधार क्षेत्र में बिजली संकट होने से लोग परेशान है। विद्युत बोर्ड राजगढ़ मंडल के नए अधिशासी अभियंता के कार्यभार संभालते ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति नियमित हो गई है लेकिन सोलन स्थित 132 केवीए स्टेशन में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता कम होने से राजगढ़, नौहराधार, चाढ़ना, मरयोग, खैरी, लानाचेता, हाब्बन चंदोल आदि इलाकों में बिजली कट लगना जारी है।
बिजली कट हर रोज लगने से ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। राजगढ़ स्थित 33 केवीए सब स्टेशन में पहले कुल छह केवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर लगे थे जिसमें दो ढाई-ढाई तथा तीसरा एक केवीए का था, जिस कारण इस वर्ष सर्दियां शुरू होते ही लोड बढ़ जाने से समूचे राजगढ़ क्षेत्र में कट लगने प्रारंभ हो गए थे।
अधिशासी अभियंता एमके उप्रेती ने बताया कि राजगढ़ स्थित 33 केवीए सब स्टेशन में अब ट्रांसफार्मर की क्षमता छह से बढ़कर नौ केवीए हो गई है। उसके बाद यहां कट लगने बंद हो गए थे लेकिन पिछले कुछ दिनों से सोलन स्थित 132 केवीए स्टेशन में ट्रांसफार्मरों की क्षमता कम होने के कारण कट एक बार फिर लगने प्रारंभ हो गए हैं। राजगढ़ तहसील सहित नौहराधार उप तहसील के सैकड़ों गांवों में प्रतिदिन लग रहे बिजली के कटों से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शलाना पंचायत के पूर्व प्रधान जोगेंद्र चौहान, भुईरा पंचायत के प्रधान राम गोपाल, दीदग पंचायत के प्रधान रमेश कुमार उपप्रधान रघुनाथ सिंह एवं छोगटाली के प्रधान आशा प्रकाश ने बिजली बोर्ड के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि सोलन स्थित 132 केवीए स्टेशन की क्षमता बढ़ाई जाए।
इस बारे में अधिशासी अभियंता एमके उप्रेती से संपर्क करने पर बताया कि राजगढ़ सब स्टेशन में ट्रांसफार्मरों की क्षमता पर्याप्त है। सोलन स्थित 132 केवीए में लोड बढ़ने से यह कट लगाने पड़ रहे हैं।

Related posts