रसोई में झगड़ा, तीन महिलाएं झुलसी

भोरंज (हमीरपुर)। क्षेत्र के पट्टा गांव में एक महिला पर जमीन विवाद के चलते अपनी रिश्तेदार तीन महिलाओं पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाने का आरोप है। तीनों महिलाओं को झुलसी हालत में सीएचसी भोरंज पहुंचाया गया। दो की हालत को गंभीर देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का धारा 307, 506 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला अपनी रसोई के पास विवादित जमीन में खुदाई कर रही थी, जिस पर झगड़ा होने के बाद मामला उलझ गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि ये जांच का विषय है कि आग लगाई गई या खुद लगी।
पुलिस के अनुसार रक्षा देवी पत्नी जुगल किशोर निवासी पट्टा का अपने परिवार से जमीन विवाद चला हुआ था। उक्त परिवार ने स्टे ले रखा था। परिवार की तीन महिलाएं निशा कुमारी (29) पत्नी मुनीष कुमार, अंजू कुमारी (28) पत्नी श्याम कुमार और शारदा देवी (30) पत्नी जसराज अपने पुराने मकान में सास के पास गई थीं। इसी दौरान रक्षा देवी विवादित भूमि से मिट्टी खोद रही थी। इन महिलाओं ने रक्षा देवी को खुदाई करने से मना किया तो चारों महिलाएं रसोई में जाकर झगड़ने लगी। पुलिस का कहना है कि इस दौरान गैस जली थी और आग लग गई। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें आग लगाई गई जबकि आरोपी महिला ने इससे इनकार किया है। महिलाएं देवरानी-जेठानी हैं। शारदा और अंजू की नाजुक हालत को देखते हुए दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है जबकि निशा का उपचार सीएचसी भोरंज में चल रहा है। उधर, रक्षा देवी का आरोप है कि तीनों महिलाएं मिट्टी का तेल उस पर फेंकने के लिए लाई थीं। बीच बचाव में मिट्टी का तेल उन्हीं पर गिर गया और रसोई में जल रही गैस से मिट्टी के तेल ने आग पकड़ ली। फिलहाल, पुलिस ने रक्षा देवी का सीएचसी भोरंज में लाकर मेडिकल करवा लिया है। पुलिस ने रक्षा देवी पर हत्या का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए थे। उधर, पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित तीनों महिलाओं के बयान कलमबंद कर लिए हैं।

बाक्स: क्या कहते हैं चिकित्सक
सीएचसी के चिकित्सक डा. अभिलाष का कहना है कि शारदा देवी का शरीर 60 से 70 फीसदी जल गया है। अंजू देवी 30 से 40 फीसदी झुलसी है। ऐसे में दोनों की नाजुक हालत को देख क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया है। निशा देवी 4 से 5 फीसदी जली है। उसका उपचार सीएचसी भोरंज में ही चल रहा है।

Related posts